दुर्गा मंदिर से सोने के हार की चोरी का खुलासा: पूर्व सरपंच का बेटा ही मुख्य आरोपी, दो हार बरामद

दुर्गा मंदिर से सोने के हार की चोरी का खुलासा

दुर्गा मंदिर से सोने के हार की चोरी का खुलासा

सारंगढ़: जिले के कोसीर थाना क्षेत्र में स्थित पाठ गांव के दुर्गा मंदिर से सोने के हार चोरी होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी। इस मामले की जांच में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 48 घंटों के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आश्चर्य की बात यह है कि चोरी का आरोपी कोई और नहीं बल्कि गांव के पूर्व सरपंच शंकर रत्नाकर का बेटा भूलोचन रत्नाकर निकला।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने के हार बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले की जांच में पता चला कि चोरी की वारदात रात 11 से 12 बजे के बीच हुई थी, जब मंदिर पूरी तरह सुनसान था और न तो पुजारी मौजूद थे और न ही ग्रामीण। इस सुनसान मौके का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी सफाई से देवी माँ की मूर्ति से बहुमूल्य हार निकाल लिया।

सुबह जब पूजा-अर्चना के लिए ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो हार गायब देखकर सभी हैरान रह गए। सूचना मिलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया और सैकड़ों ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

Youthwings