Silver Jewellery Import Ban: बढ़ सकती है चांदी की ज्वेलरी की कीमत? जानिए क्या होगा असर..
भारत में सोना और चांदी सिर्फ शादी-ब्याह या धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं, बल्कि निवेश का भी अहम जरिया हैं। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि जहां सोना सुरक्षित निवेश का प्रतीक है, वहीं चांदी बेहतर रिटर्न देती है। इसी वजह से ज्वेलरी इंडस्ट्री और निवेशक दोनों ही इसकी ओर आकर्षित रहते हैं। लेकिन अब सरकार ने चांदी के तैयार आभूषणों के आयात पर बड़ा कदम उठाया है।
31 मार्च 2026 तक इंपोर्ट पर रोक
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (DGFT) ने बुधवार को नोटिफिकेशन जारी कर विदेशी चांदी ज्वेलरी के आयात पर 31 मार्च 2026 तक प्रतिबंध लगा दिया है। यानी अब व्यापारी सीधे विदेश से चांदी के गहने नहीं मंगा पाएंगे। हां, खास परिस्थितियों में इंपोर्ट करना हो तो DGFT से अलग से अनुमति लेनी होगी।
सरकार ने क्यों लिया फैसला
सरकार के मुताबिक, बीते कुछ समय में चांदी के आभूषणों की आड़ में बड़े पैमाने पर आयात बढ़ा है। कई व्यापारी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का गलत फायदा उठा रहे थे। इसका सीधा असर घरेलू बाजार और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा था।
- DGFT के अनुसार, अप्रैल-जून 2024-25 और अप्रैल-जून 2025-26 में प्रेफरेंशियल ड्यूटी छूट का फायदा उठाकर चांदी का आयात तेजी से बढ़ा।
- आयात में 10 गुना उछाल देखा गया और कुल हिस्सेदारी 78% से बढ़कर 98% तक पहुंच गई।
घरेलू कारोबार और रोजगार पर असर
आयात में अचानक बढ़ोतरी से देश के स्थानीय बाजार पर दबाव बढ़ गया। थोक कीमतों में गिरावट आई और छोटे कारीगरों व MSME सेक्टर को नुकसान हुआ। सरकार का कहना है कि यह रोक छोटे-मध्यम कारोबारियों की सुरक्षा करेगी और देश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
थाइलैंड से बढ़ा आयात क्यों?
रिपोर्ट्स बताती हैं कि हाल ही में थाइलैंड से बिना जड़ाऊ चांदी गहनों का आयात कई गुना बढ़ा, जबकि थाइलैंड चांदी का बड़ा उत्पादक देश नहीं है। माना जा रहा है कि ASEAN-भारत वस्तु व्यापार समझौते (AITIGA) के तहत ड्यूटी छूट का फायदा उठाने के लिए दूसरे देशों से बने प्रोडक्ट्स को थाइलैंड के रास्ते भेजा गया।
आम लोगों पर असर
- यह रोक सिर्फ चांदी के तैयार आभूषणों पर है।
- चांदी के बर्तन या औद्योगिक इस्तेमाल वाली चांदी पर असर नहीं होगा।
- घरेलू बाजार में बनी चांदी ज्वेलरी की मांग बढ़ सकती है।
- अंतरराष्ट्रीय सप्लाई पर असर के चलते कीमतों में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
