नक्सली दंपति का खुलासा: राजधानी में खड़ा कर रहे थे शहरी नेटवर्क, 10 तोला सोना बरामद

रायपुर। डीडीनगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा में स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नक्सली दंपति को गिरफ्तार किया है। दोनों पर नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को मजबूत करने की जिम्मेदारी थी। इनके कब्जे से 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के बिस्किट और एक लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए नक्सली दंपति दरभा डिवीजन के डीसीएम सदस्य थे और दोनों इनामी नक्सली हैं। पुरुष नक्सली पर 8 लाख और महिला पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान

SIA ने मूलतः बीजापुर, गंगालूर निवासी जग्गू कुरसम उर्फ रवि उर्फ रमेश (28 वर्ष) और उसकी पत्नी कमला कुरसम को गिरफ्तार किया है।

कई संगीन धाराओं में केस दर्ज

डीडीनगर थाने में इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 147, 148, 61 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 17, 18, 19, 20, 38, 39, 40 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस को जानकारी मिली थी कि दंपति करीब दो महीने पहले चंगोराभाठा में हेमंत देवांगन के मकान में किराए पर रह रहे थे। शुरू में मजदूर के वेश में रहकर वे किसी को शक नहीं होने दे रहे थे। पड़ोसियों के अनुसार, उनका रहन-सहन बेहद साधारण था और वे सुबह मजदूरी पर जाते और शाम को लौटते थे।

सूत्रों के अनुसार, एसआईए की टीम लंबे समय से इनकी निगरानी कर रही थी। एक समय ऐसा आया जब यह दंपति अचानक लापता हो गया, लेकिन मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर इनका लोकेशन रायपुर में मिला। इसके आधार पर टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

शहरी नेटवर्क और रसद की थी जिम्मेदारी

पुलिस पूछताछ में दंपति ने खुलासा किया कि उन्हें राजधानी रायपुर सहित अन्य शहरी इलाकों में नक्सली नेटवर्क तैयार करने का काम सौंपा गया था। इसके साथ ही नक्सलियों के लिए रसद, दवाइयों की आपूर्ति और घायल कैडर के इलाज की व्यवस्था भी इन्हीं के जिम्मे थी।

फर्जी दस्तावेज से किराए पर लिया था मकान

जांच में सामने आया है कि जग्गू ने अपनी पत्नी के नाम पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर मकान किराए पर लिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज कहां और कैसे बनाए गए।

कौन दे रहा था स्थानीय मदद?

एसआईए अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रायपुर में उन्हें पनाह देने में किन स्थानीय लोगों की भूमिका रही। किन लोगों से उनकी मुलाकातें होती थीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

Youthwings