National Film Award: कौन हैं त्रिशा थोसर, जिन्होंने महज 4 वर्ष की आयु में जीता नेशनल अवॉर्ड
National Film Award: 23 सितंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में देश की कई जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया। शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, विक्रांत मैसी, करण जौहर, एकता कपूर और मोहनलाल जैसी सितारों के बीच इस बार सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रही हैं 4 साल की छोटी सी बच्ची त्रिशा थोसर।
कौन हैं त्रिशा थोसर?
त्रिशा थोसर महज 4 वर्ष की हैं और मराठी चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। उन्होंने अपनी फिल्म ‘नाल 2’ में चिमी का किरदार निभाया, जिसके लिए उन्हें बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल अवॉर्ड दिया गया। त्रिशा ने अपने छोटे से करियर में फिल्ममेकर महेश मांजरेकर और अभिनेता सिद्धार्थ जाधव जैसे नामी कलाकारों के साथ काम किया है।
वायरल हुआ उनका अंदाज
अवार्ड समारोह के दौरान त्रिशा थोसर की क्यूटनेस और अदाओं ने सभी का ध्यान खींचा। छोटी सी त्रिशा ऑफ-साइट कलर की साड़ी में स्टेज पर अवॉर्ड लेने पहुंचीं और हाथ जोड़कर सभी का नमस्कार किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें हग कर बधाई दी। अवॉर्ड मिलने के बाद त्रिशा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है।
नेशनल अवॉर्ड से खास पहचान
अपने सिर्फ 4 साल के करियर में नेशनल अवॉर्ड जीतकर त्रिशा थोसर ने इतिहास रच दिया है। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, और लोग उनकी क्यूटनेस और अभिनय की तारीफ कर रहे हैं। इस जीत के साथ त्रिशा ने युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का एक नया उदाहरण पेश किया है।
