रायपुर में माओवादी दंपती गिरफ्तार! इलाज का बहाना बनाकर छुपे थे, पुलिस ने दबोचा
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने माओवादियों की शहरी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक माओवादी दंपती को गिरफ्तार किया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके से पकड़े गए इन दोनों पर आरोप है कि वे इलाज का बहाना बनाकर मकान किराए पर लेकर संगठन को लगातार मदद पहुंचा रहे थे। पुलिस ने इनके पास से अहम दस्तावेज, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनसे माओवादी नेटवर्क के कई राज खुलने की संभावना है।
बीजापुर के रहने वाले, रायपुर में लंबे समय से सक्रिय
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जग्गू उर्फ रमेश कुरसम (28) और उसकी पत्नी कमला कुरसम (27) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि वे 2017-18 से माओवादी संगठन से जुड़े और पिछले पांच-छह साल से रायपुर के अलग-अलग इलाकों में रहकर संगठन को सहयोग कर रहे थे।
फर्जी आधार से किराए पर लिया घर
सूत्रों के अनुसार दंपती ने करीब एक माह पहले चंगोराभाठा में मकान किराए पर लिया था। कमला ने मकान मालिक को फर्जी आधार कार्ड दिखाया, जिसमें उसका नाम बदला हुआ था। मकान किराए पर लेने का कारण इलाज बताया गया था। अब पुलिस मकान मालिक और उनके अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।
बड़े अफसरों के घरों में कर चुका काम
पूछताछ में खुलासा हुआ कि जग्गू उर्फ रमेश रायपुर में कई बड़े अफसरों और प्रतिष्ठित परिवारों के यहां ड्राइवर और गार्ड की नौकरी कर चुका है। इससे वह शहर की गतिविधियों और प्रशासनिक हालात की जानकारी जुटाकर माओवादी संगठन तक पहुंचाता था।
इंटेलिजेंस इनपुट पर घेराबंदी
रायपुर पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि माओवादी संगठन से जुड़े कुछ लोग शहर में सक्रिय हैं और जानकारी भेज रहे हैं। इसी आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने चंगोराभाठा स्थित मकान की घेराबंदी की। उस वक्त घर के अंदर पति-पत्नी मौजूद थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में सच सामने आ गया।
महत्वपूर्ण दस्तावेज और गैजेट्स जब्त
छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इनसे रायपुर समेत अन्य शहरी क्षेत्रों में माओवादियों के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
रिमांड पर पति, महिला जेल भेजी गई
पुलिस ने जग्गू उर्फ रमेश को न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसकी पत्नी कमला को न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ में संगठन से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगेंगे।
शहरी नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगाह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी जैसे बड़े शहरों में माओवादी इलाज, पढ़ाई और रोजगार का बहाना बनाकर शहरी नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। रायपुर में हुई यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
