The Bads of Bollywood : आर्यन खान की सीरीज से भड़के समीर वानखेड़े, दायर किया मानहानि का केस

The Bads of Bollywood : पूर्व एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में 2 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। वानखेड़े का आरोप है कि नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज़ हुई आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज ‘The Ba*ds of Bollywood’** में उनकी छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है।

ड्रग्स केस से मिलता-जुलता सीन
चार्जशीट के मुताबिक, सीरीज के पहले एपिसोड में एक पार्टी सीन है जिसमें एक अधिकारी, जो एनसीबी से मिलते-जुलते काल्पनिक संगठन NCG का सदस्य बताया गया है, बॉलीवुड के लोगों पर ड्रग्स का आरोप लगाता है। वह पहले एक सामान्य व्यक्ति को पकड़ता है, लेकिन यह पता चलने पर कि वह बॉलीवुड से जुड़ा नहीं है, उसे छोड़ देता है और एक फिल्म स्टार को निशाना बनाता है, जिसने केवल शराब पी रखी होती है।

ये है वो सीन, जिस पर विवाद

 


वानखेड़े का आरोप
समीर वानखेड़े का कहना है कि यह सीन 2021 के क्रूज़ ड्रग्स केस की याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया था। वानखेड़े ने अपनी याचिका में कहा कि सीरीज “झूठी, दुर्भावनापूर्ण और उनकी व्यक्तिगत तथा पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली” है। उनका दावा है कि शो को “जानबूझकर उनकी छवि को बदनाम करने और ड्रग-विरोधी एजेंसियों के प्रति जनता का भरोसा कमजोर करने” के इरादे से बनाया गया है।

2021 का क्रूज़ ड्रग्स केस
गौरतलब है कि अक्टूबर 2021 में आर्यन खान को मुंबई क्रूज़ ड्रग्स मामले में समीर वानखेड़े की टीम ने गिरफ्तार किया था। करीब 27 दिन जेल में रहने के बाद आर्यन को जमानत मिली और बाद में एनसीबी ने उन्हें क्लीन चिट दे दी।

सोशल मीडिया पर बहस
नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होते ही सीरीज के इस सीन पर सोशल मीडिया पर मीम्स और चर्चाएं शुरू हो गईं। कई यूजर्स ने आर्यन खान की तारीफ की तो कुछ ने समीर वानखेड़े का मजाक उड़ाया। फिलहाल, हाई कोर्ट में दायर यह मानहानि केस बॉलीवुड और कानून व्यवस्था से जुड़े इस पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में ले आया है।

Youthwings