काबुल से दिल्ली तक प्लेन के लैंडिंग गियर में छिपकर आया 13 साल का अफगानी बच्चा, तस्वीर सामने आई
दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब काबुल से आई काम एयरलाइंस की फ्लाइट RQ 4401 के रनवे पर एक 13 वर्षीय अफगानी बच्चा दिखाई दिया। यह बच्चा किसी यात्री सूची में दर्ज नहीं था और उसकी हालत डरी-सहमी थी।
कैसे पहुंचा विमान में
दिल्ली एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, यह बच्चा बिना दस्तावेज़ों के काबुल एयरपोर्ट की सुरक्षा को चकमा देकर विमान के नीचे पहुंच गया। वहां उसने प्लेन के लैंडिंग गियर में छिपकर उड़ान भर ली। विमान के उतरने के बाद जब सुरक्षा कर्मियों ने रनवे पर उसे देखा तो पहले उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि कोई बच्चा इस तरह यहां तक पहुंच सकता है।
CISF और IB ने की जांच
सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत CISF को सूचना दी। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि उसका गंतव्य ईरान था, लेकिन गलती से वह दिल्ली पहुंच गया। नाम यात्री सूची में नहीं मिलने और उसके बयान की पुष्टि के बाद CISF और भारतीय खुफिया ब्यूरो (IB) ने तय किया कि नाबालिग होने के कारण उस पर कोई केस दर्ज नहीं किया जाएगा। बाद में उसे उसी एयरलाइन से वापस काबुल भेज दिया गया।
तस्वीर सामने आई
अब इस बच्चे की तस्वीर भी सामने आई है जिसमें वह बेहद डरा और सहमा हुआ दिख रहा है। अफगान अधिकारियों और कुंदुज में उसके परिवार से बात कर सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
लैंडिंग गियर क्या होता है
लैंडिंग गियर विमान का वह मजबूत ढांचा है जो टेकऑफ, लैंडिंग और जमीन पर चलते समय विमान का पूरा भार संभालता है। यह पहियों, हाइड्रॉलिक सिस्टम और शॉक एब्जॉर्बर से बना होता है।
- टेकऑफ/लैंडिंग के समय सहारा: विमान को सुरक्षित उतरने और उड़ान भरने में मदद करता है।
- रिट्रैक्टेबल डिज़ाइन: उड़ान के दौरान पहिए भीतर खिंच जाते हैं ताकि हवा का दबाव कम हो और ईंधन की बचत हो।
