Amit Shah in Bastar Dussehra: अमित शाह होंगे बस्तर दशहरा के खास मेहमान, लाल आतंक के अंत की ओर बढ़ता कदम

Amit Shah in Bastar Dussehra

Amit Shah in Bastar Dussehra

रायपुर। Amit Shah in Bastar Dussehra: नक्सलवाद से मुक्ति की ओर बढ़ते बस्तर के लिए इस साल का दशहरा बेहद खास होने जा रहा है। दशकों पुराने लाल आतंक के खात्मे की राह में यह त्योहार ऐतिहासिक साबित हो सकता है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस बार बस्तर दशहरा के मशहूर आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होंगे। खुद अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा,
“नक्सलवाद से मुक्ति और शांति की ओर अग्रसर बस्तर अपने पर्व-त्योहार धूमधाम से मना रहा है। आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रमाण 75 दिनों तक मनाया जाने वाला बस्तर दशहरा के ‘मुरिया दरबार’ में आने का निमंत्रण मिला। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूँ।”

सांसद महेश कश्यप ने दिया न्यौता

बस्तर के सांसद महेश कश्यप ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली में अमित शाह से भेंट कर उन्हें इस आयोजन का निमंत्रण दिया था। केंद्रीय गृहमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। राज्य गठन के बाद यह पहली बार होगा जब कोई केंद्रीय मंत्री बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में मौजूद रहकर जनता की बात सुनेगा।

4 नवंबर को होगा अमित शाह का आगमन

सूत्रों के अनुसार अमित शाह 4 नवंबर को बस्तर पहुंचेंगे। यहां वे लगभग 3 घंटे रहेंगे और मिशन 2026 के तहत चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे मुरिया दरबार की रस्म में शामिल होकर स्थानीय लोगों की समस्याएं और सुझाव भी सुनेंगे।

मुरिया दरबार का महत्व

मुरिया दरबार का आयोजन 4 अक्टूबर को सिरहासार भवन में किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश मंत्रिमंडल के मंत्री और बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सांसद के मीडिया प्रभाग के अनुसार बस्तर दशहरा में इस बार देश और प्रदेश के कई बड़े नेता भी पहुंचेंगे।

क्यों खास है बस्तर का दशहरा

बस्तर दशहरा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि आदिवासी परंपराओं, जनसंवाद और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यहां आमजन अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे नेताओं और प्रशासन के सामने रखते हैं। अमित शाह की मौजूदगी से इस बार का आयोजन और भी खास होगा, क्योंकि पहली बार केंद्रीय गृहमंत्री जनता से सीधा संवाद करेंगे।

Youthwings