स्कूल में रातभर बंद रही 8 साल की बच्ची: खिड़की से निकलने की कोशिश में रॉड के बीच फंसा सिर, सुबह ग्रामीणों ने बचाई जान

ओडिशा : ओडिशा के क्योंझर जिले के बांसपाल ब्लॉक स्थित अंजार गांव के सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक दर्दनाक लापरवाही का मामला सामने आया है। गुरुवार को दूसरी कक्षा की 8 वर्षीय छात्रा ज्योत्सना देहुरी स्कूल में ही सो गई और गलती से स्कूल के भीतर बंद रह गई।

स्कूल बंद करते समय कोई नहीं देख पाया बच्ची को

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने शाम करीब 4 बजे आठवीं कक्षा के छात्रों को स्कूल बंद करने की जिम्मेदारी दी थी। इसी दौरान ज्योत्सना कक्षा में ही सो रही थी और किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। स्कूल बंद हो गया और बच्ची पूरी रात भीतर ही फंसी रही।

खिड़की से निकलने की कोशिश में फंसा सिर

रातभर कमरे में फंसी रही ज्योत्सना ने बाहर निकलने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन जब उसने खिड़की से निकलने का प्रयास किया, तो उसका सिर लोहे की रॉड के बीच फंस गया। सुबह गांववालों ने उसकी रोने की आवाज सुनी और उसे इस हालत में देखा।

ग्रामीणों ने बचाया, बच्ची अब खतरे से बाहर

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रॉड को मोड़ा और बच्ची को बाहर निकाला। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह अब स्थिर है और धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

वीडियो वायरल, प्रशासन पर उठे सवाल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद आम जनता में स्कूल प्रशासन के प्रति आक्रोश फैल गया। लोग स्कूल में निगरानी व्यवस्था की भारी कमी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

प्रधानाध्यापक निलंबित, जांच के आदेश

क्योंझर कलेक्टर विशाल सिंह के निर्देश पर स्कूल के प्रधानाध्यापक गौरहरि महंत को निलंबित कर दिया गया है। बांसपाल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने निलंबन आदेश जारी कर जांच शुरू कर दी है। स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग ने पुष्टि की है कि ज्योत्सना अब सुरक्षित है और इलाज चल रहा है।

Youthwings