कोल्ड ड्रिंक पीने से 35 श्रद्धालु बीमार, महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हड़कंप

महाराष्ट्र । महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद करीब 35 श्रद्धालु अचानक बीमार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार आदमपुर तीर्थ स्थान में रविवार देर रात संत बालू मामा भंडारा के दौरान श्रद्धालुओं को कोल्ड ड्रिंक वितरित की जा रही थी। इसी दौरान इसे पीने के बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग उल्टी और पेट दर्द की शिकायत करने लगे।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक यह पता लगाया जा रहा है कि कोल्ड ड्रिंक में किसी तरह की मिलावट थी या फिर किसी संक्रमण के कारण लोग बीमार हुए।

 

बीमार श्रद्धालुओं को तुरंत गार्गोटी उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी की हालत स्थिर बताई है। हालांकि एहतियात के तौर पर सभी मरीजों को निगरानी में रखा गया है।

 

इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर खाने-पीने की चीजों का सेवन करते समय सावधानी बरतें।

Youthwings