रायपुर में कोविड-19 के 3 नए मामले, कुल सक्रिय मरीजों की संख्या हुई 13; स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को कोविड-19 के 3 नए मामले सामने आए हैं, जिससे जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इनमें से 1 मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि 12 मरीजों को होम क्वारंटाइन में रखा गया है। हैरानी की बात यह है कि किसी भी नए मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है, जिससे संक्रमण का स्रोत स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। सभी मरीजों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है और उनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए एम्स रायपुर भेजे जाएंगे।

तेजी से बढ़ रहे हैं मामले, स्वास्थ्य विभाग सतर्क:

बीते दो दिनों में रायपुर में कुल 7 नए केस सामने आए थे और अब 3 और केसों के साथ यह आंकड़ा 13 सक्रिय मामलों तक पहुंच गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 15 कोविड मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 2 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज :

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी नए मामलों में लक्षण बेहद हल्के हैं। हालांकि, शहर में सर्दी, खांसी, बुखार और जुकाम जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या में तेज़ी देखी जा रही है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सभी निजी और शासकीय अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं कि वे SARI (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस) और ILI (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस) से पीड़ित मरीजों की रिपोर्ट तत्काल इंटीग्रेटेड हेल्थ इंफॉर्मेशन सेंटर को दें।

सैंपलिंग और मेडिकल व्यवस्था पर जोर:

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर मरीजों के कोविड सैंपल लिए जाएं और पॉजिटिव पाए गए मामलों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए एम्स रायपुर भेजा जाए। इसके साथ ही मितानिनों को लक्षणों की पहचान कर समय पर रिपोर्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि समुदाय स्तर पर निगरानी की जा सके।

अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश:

राज्य सरकार ने अस्पतालों को निर्देशित किया है कि वे पर्याप्त मात्रा में PPE किट, दवाएं और अन्य सुरक्षा उपकरण स्टॉक में रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए मेकाहारा अस्पताल में कोरोना OPD भी शुरू की गई है ।

Youthwings