महतारी वंदन योजना की 17वीं किश्त जारी, 69 लाख से अधिक महिलाओं को मिले 647 करोड़ रुपए
रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार की बहुचर्चित महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आज जुलाई माह की 17वीं किश्त जारी कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को 647.66 करोड़ रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है।
महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की थी। योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
अब तक इस योजना के तहत कुल 17 किश्तों में 11,081.68 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे प्रदेश की महिलाओं को सीधा आर्थिक संबल मिला है।
पोर्टल और ऐप से मिल रही जानकारी
महतारी वंदन योजना की जानकारी के लिए राज्य सरकार ने पोर्टल और मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है, जहां लाभार्थी अपनी पात्रता, भुगतान स्थिति और शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। यदि कोई महिला लाभ नहीं लेना चाहती है तो वह पोर्टल पर “लाभ त्याग” विकल्प का उपयोग कर योजना से खुद को अलग कर सकती है।
डीबीटी खातों के लिए जरूरी निर्देश
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सहायता राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। जिन हितग्राहियों के खाते DBT इनेबल नहीं हैं या आधार लिंक नहीं हैं, उनके खाते में राशि वापस हो रही है। ऐसे लाभार्थियों को बैंक जाकर तुरंत आधार सीडिंग करवाने की सलाह दी गई है।
आधार अपडेट की अपील
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी महिलाओं से अपील की है कि वे हर 10 साल में आधार अपडेट कराएं, ताकि भुगतान में कोई रुकावट न आए। विभाग के अनुसार, कुछ महिलाओं की किश्तें केवल इसलिए रोकी गई हैं क्योंकि उनका आधार कार्ड इनएक्टिव हो चुका है। ऐसे में उन्हें नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर पहचान व निवास प्रमाण पत्र के साथ आधार अपडेट करवाना जरूरी है।
