अश्लील कार्यक्रम मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 आयोजक गिरफ्तार.. तीन पुलिसकर्मी निलंबित
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हाल ही में आयोजित एक विवादास्पद कार्यक्रम में अश्लीलता फैलाने और सार्वजनिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आयोजन से जुड़े 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने और सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम…
देवेंद्र राजपूत (31)
गोविंद देवांगन (21)
नरेंद्र साहू (38)
हसन खान (53)
हरदयाल नागेश (50)
मुकेश अग्रवाल (40)
लाल कृष्ण कश्यप (27)
राजेश कश्यप (36)
सचिन कश्यप (24)
लीलाधर साहू (50)
ललित कौशिक (38)
विकास यादव (32)
जम्बूधर (40)
उमेश यादव (25)
सभी आरोपियों को देवभोग एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उनसे आगे की पूछताछ और रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तीन पुलिसकर्मियों पर निलंबन, एसडीएम के खिलाफ भी जांच शुरू
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर भी त्वरित कार्रवाई की है। कार्यक्रम के दौरान लापरवाही बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में चूक के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम के खिलाफ भी आज से विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक स्थल पर अश्लील गतिविधियां हुईं, जिससे स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
