Naxalites Surrender Chhattisgarh: नक्सल संगठन को बड़ा झटका, सीनियर लीडर सोमडू मड़कम समेत 12 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 54 लाख का था इनाम

Naxalites Surrender Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में संचालित ‘पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान के तहत नक्सल संगठन को करारा झटका लगा है। साउथ सब जोनल ब्यूरो से जुड़े सीनियर लीडर सोमडू मड़कम समेत कुल 12 सक्रिय माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। इन सभी पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को इन माओवादियों ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., डीआईजी केरिपु ऑप्स बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी और पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में 8 महिला और 4 पुरुष कैडर शामिल हैं।

सीनियर लीडर सोमडू मड़कम ने तोड़ा माओवादी संगठन से नाता

आत्मसमर्पण करने वालों में दरभा डिवीजन के डीवीसीएम और कटेकल्याण एरिया कमेटी के प्रभारी सोमडू मड़कम का नाम सबसे अहम माना जा रहा है। उन्होंने AK-47 राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया। इनके अलावा एसीएम, पीपीसीएम, पार्टी सदस्य और पीएलजीए सदस्य जैसे अहम पदों पर कार्यरत माओवादी भी शामिल हैं। सभी ने संगठन की हिंसक और जनविरोधी विचारधारा से नाता तोड़ने की घोषणा की।

हथियार और विस्फोटक सामग्री भी सौंपी

पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों ने AK-47 और SLR राइफल, मैगजीन, कारतूस के साथ-साथ 250 जिलेटिन स्टिक, 400 डेटोनेटर, गन पाउडर से भरा एक प्लास्टिक ड्रम और कार्डेक्स वायर का एक बंडल स्वेच्छा से सुरक्षा बलों को सौंपा है। इसे सुरक्षा एजेंसियां एक बड़ी कामयाबी मान रही हैं।

50 हजार की तात्कालिक सहायता, पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू

छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आत्मसमर्पित माओवादियों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई है। साथ ही इनके पुनर्वास और सामाजिक पुनर्समावेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि वे सामान्य और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत कर सकें।

मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, सर्च ऑपरेशन तेज

इस बीच बीजापुर के पेद्दागेलूर जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर भी सामने आई है। मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की पुष्टि हुई है। DRG, CRPF और कोबरा के जवानों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए AK-47 राइफल बरामद की है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

Youthwings