“संविधान की किताब लेकर घूमने वाले खुद की धज्जियां उड़ाते हैं” – कैलाश विजयवर्गीय
राजनांदगांव दौरे पर कैलाश विजयवर्गीय का कांग्रेस पर हमला: "जो संविधान की किताब लेकर घूमते हैं, उन्होंने ही उसकी धज्जियां उड़ाई हैं"
रायपुर। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आज छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आयोजित ‘भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान समारोह’ में शामिल होने रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
विजयवर्गीय ने कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ अभियान’ को लेकर तंज कसते हुए कहा,
“जो लोग संविधान की किताब जेब में लेकर घूमते हैं, ज़रा बताइए कि असली संविधान में से कितना उन्होंने पढ़ा और समझा है?”
“संविधान की सबसे ज़्यादा अनदेखी कांग्रेस ने की”
उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाकर, लोकतंत्र को कुचलने का काम कांग्रेस ने किया था। इतना ही नहीं, यूपीए सरकार के दौरान कांग्रेस के ही एक नेता ने संसद में बिल की कॉपी फाड़ दी थी, जो संवैधानिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है।
“अब वही नेता विदेश जाकर भारत की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं। क्या इससे देश का सम्मान बढ़ेगा?” – कैलाश विजयवर्गीय
“अंबेडकर के साथ कांग्रेस ने किया धोखा”
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी बाबा साहब अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में 10 दिवसीय अभियान चला रही है।
“मैं राजनांदगांव इसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा हूं। हम जनता को बताएंगे कि किस तरह कांग्रेस ने अंबेडकर जी के साथ धोखा किया।”
कांग्रेस पर चुनावी सवालों को लेकर भी हमला
कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव प्रक्रिया और EVM को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी विजयवर्गीय ने तीखा पलटवार किया।
“जहां जीतते हैं, वहां कोई सवाल नहीं… और जहां हारते हैं, वहीं EVM पर सवाल उठाते हैं। ये कांग्रेस का दोहरा चरित्र है जिसे जनता अब अच्छी तरह समझ चुकी है।”
